मोबाइल लुटेरों का गैंग दबोचा,
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। लुटेरों का यह गिरोह लूट करने के बाद फोन का आईएमईआई (विशेष कोड) बदलकर चोर मार्केट में बेचते थे। लुटेरों के कब्जे से 18 मोबाइल और तमंचा, छुरी बरामद की गई है। गिरोह के सभी सदस्य युवा हैं, जो अधिकांश लूट की घटनाएं रात में अंजाम देते थे। पूछताछ के बाद लुटेरों को जेल भेजा गया है।
शहर कोतवाली एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मोबाइल लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। गिरोह के आठ सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इनमें एक मोबाइल दुकानदार भी शामिल है, जो लूटे गए मोबाइल के लॉक खोलने का काम करता था। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से लूटे गए अनेक कंपनियों के 18 मोबाइल व एक तमंचा, छुरी बरामद हुई है। गिरोह के सदस्य एक रोड को चुनते हैं, जो मोबाइल हाथ में लेकर चलने वाले लोगों पर नजर रखते हैं। मौके पाते ही मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे। शुक्रवार रात एक सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद नासिर निवासी जामियानगर, उस्मान निवासी किदवईनगर, शाहनूर, फराज, तालिब, सरताज तथा दुकानदार अब्बास अली निवासी अंबा विहार को दबोचा है। एसपी सिटी ने बताया कि उक्त लुटेरे मोबाइल फोन को आईएमईआई (विशेष कोड) बदलकर उन्हें चोर मार्केट में बेचते थे। पकड़े गए लुटेरों के खिलाफ कोतवाली में अनेक धाराओं में मुकदमें पंजीकृत हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी लुटेरों को जेल भेज दिया।
कम उम्र में अपराध की दुनिया में कदम
मुजफ्फरनगर। पकड़े गए लुटेरों की उम्र अभी 25 पार भी नहीं, लेकिन अपराध की दुनिया में पड़े कदमों के चलते एक के बाद एक घटनाएं कर डाली। लूट में माहिर यह गैंग पूरी तरह से रोड की रैकी कर वारदात को अंजाम देता है।