विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया गैंगरेप का आरोप
भोपा। क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता के नाना ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसकी धेवती बचपन से उसी के यहां (ननिहाल) में पली बढ़ी है। उसका निकाह उत्तराखंड में रुड़की क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से किया था। अतिरिक्त दहेज के कारण निकाह के कुछ दिन बाद विवाहिता के साथ मारपीट कर ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया था। उस दौरान गांव के लोगों ने फैसला कराकर विवाहिता को ससुराल भिजवा दिया था, जिसके बाद विवाहिता के दो बच्चे पैदा हुए। एक माह पहले ससुरालियों ने पुन: विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे अकेले घर से निकाल दिया था। वो अपनी ननिहाल गांव में आ गई थी। गत मंगलवार को विवाहिता को लेने के लिए उसका पति, दो जेठ तथा एक अन्य रिश्तेदार गांव आए और खुशामद मिन्नत कर विवाहिता को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। आरोप है कि कुछ दूर जाकर उसके जेठ आदि ने विवाहिता को गाड़ी से उतार कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि विवाहिता के गले में फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास भी किया। विवाहिता के शोर मचाने पर राहगीरों के पास आने पर आरोपी मौके से फरार हो गये। थाना प्रभारी निरीक्षक एमएस गिल ने बताया कि आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।