अमर उजाला ब्यूरो
छपार। मेन बाजार में स्थित परचून की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने एक लाख से अधिक की कीमत का सामान और गल्ले से 40 हजार की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गांव छपरा निवासी राजेंद्र हाईवे स्थित मेन बाजार में परचून की दुकान करता है। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे वह दुकान बंद कर गांव चला गया था। रात में चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर गल्ले से नकदी और परचून का सामान साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे राजेंद्र ने दुकान खोली तो दीवार टूटी देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए सुबूत जुटाए। पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि उसके गल्ले में कई दिन की बिक्री के 40 हजार रुपये रखे थे, जो चोरी कर लिए गए। इसके अलावा भी दुकान से सिगरेट, बीड़ी, सूखे मेवे सहित करीब एक लाख से अधिक कीमत का अन्य सामान चोरी किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।