मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने तहरीर देकर बताया कि कॉलेज के कुछ शिक्षक उनसे व्यक्तिगत दुर्भावना रखते हैं। आरोप है कि मंगलवार को आरोपी शिक्षक उसके ऑफिस में पहुंचे और उन पर वेतन कटौती का आरोप लगाते हुए बदसलूकी करने लगे। उसके साथ हाथापाई भी की। शोर मचाने पर एकत्र हुए अन्य शिक्षकों ने बमुश्किल उसे बचाया। इसके बाद आरोपी शिक्षकों ने कॉलेज में शिक्षण कार्य को भी बाधित करने का प्रयास किया। प्रधानाचार्य का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी शिक्षकगण उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखते हुए उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा चुके हैं। प्रधानाचार्य ने पुलिस से मामले में जांच के बाद कार्रवाई की गुहार लगाई है।
घर में आग लगने से लाखों का सामान स्वाहा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की त्यागी कॉलोनी निवासी विनेश के पिता की कुछ दिन पूर्व मौत हो गई थी। इसके चलते पूरा परिवार अपने पैतृक गांव गया हुआ था। आरोप है कि सोमवार की रात उनके मकान में आग लग गई। घर से धुआं उठता देख पड़ोस के लोगों ने तत्काल उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया कि जब तक आग पर काबू पाया जाता, पूरे घर का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। लोगों की सूचना पर पीड़ित परिवार घर लौट आया। पीड़ित ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों और उसके हुए नुकसान का सही आंकलन नहीं हो सका है।