मोरना(मुजफ्फरनगर)। सोशल मीडिया पर किशोरी के फोटो वायरल हो जाने से परिजनों में रोष व्याप्त है। बेटी की हो रही बदनामी को लेकर परिजनों ने गांव से पलायन करने की बात कही है। पीड़िता के पिता ने ककरौली पुलिस को अज्ञात के विरुद्ध तहरीर देकर जांच कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
कुछ युवक सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर युवतियों का मानसिक शोषण कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला थाना ककरौली क्षेत्र के गांव का प्रकाश में आया है। किशोरी के फोटो किसी तरह हासिल कर किसी मनचले ने उसी किशोरी के नाम से फेसबुक आईडी बना डाली है। उसकी पिक्चर को वायरल किया जा रहा है और अश्लील कमेंट किए जा रहे हैं। धीरे-धीरे पूरे गांव में चर्चा व्याप्त हो जाने से परिजनों का घर से निकलना दूभर हो गया है। जिसको लेकर परिजनों में भी रोष व्याप्त है। पिता ने गांव छोड़कर चले जाने की बात कही है। किशोरी के पिता ने थाना ककरौली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके दरवाजे पर गेट नहीं है। घर के सामने कुछ युवक हर समय चौकड़ी जमाए रहते हैं। उन्हीं में से किसी ने ये हरकत की होगी। एसएसआई शौकीन खान ने पीड़ित पिता को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया है।