मुजफ्फरनगर। गांव कछौली में दो युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। घायल एक युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि गांव में शांति है, ऐहतियातन पुलिस तैनात की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कछौली निवासी दलित समाज का मोनू अपने साथी के साथ शुक्रवार देर शाम रोहाना से गांव लौट रहा था। दोनों बाइक पर सवार थे। रास्ते में ठाकुर समाज का युवक खड़ा था। रास्ता देने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कि दूसरे समाज के युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मोनू किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर झगड़ा हो गया। दो समाज के लोगों के बीच झगड़े की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा कई लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। पुलिस ने घायल मोनू को उपचार के लिये जिला अस्पताल भर्ती कराया। देर रात तक इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई थी। उधर शिवचौक पर चाट खाने के बाद रुपये मांगने पर युवक ने चाट विक्रेता प्रदीप के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।