मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी गिरफ्तार, ढाई क्विंटल मांस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
भोपा। गांव रुड़कली के जंगल में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोकशी कर रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। मौके से करीब ढाई क्विंटल मांस के साथ ही फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक, तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए।
भोपा थाना क्षेत्र की जौली चौकी प्रभारी गुरुवचन सिंह शनिवार तड़के टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव रुड़कली के जंगल में दबिश दी, तो रजबहे की पटरी के पास चार युवक गोकशी करते दिखे। पुलिस के अनुसार आरोपियों की घेराबंदी की गई तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई व घेराबंदी करते हुए एक आरोपी को धरदबोचा, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। मौके से करीब ढाई क्विंटल गोवंश का मांस, कटान के उपकरण, पशु अवशेष, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक के साथ ही पकड़े गए आरोपी के पास से तमंचा-कारतूस भी बरामद किए। पकड़ा गया आरोपी बाबू पुत्र अशरफ निवासी रुड़कली है, जबकि उसके फरार साथियों के नाम तुर्राब व नावेद निवासीगण रुड़कली और काला निवासी खेड़ी फिरोजाबाद, थाना ककरौली पता चले। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। भोपा इंस्पेक्टर बीपी सिंह यादव ने बताया कि आरोपी गोवंश का कटान कर रहे थे। मौके से दो क्विंटल 40 किलो मांस बरामद हुआ। पशु चिकित्सक हेमेेंद्र कुमार से मांस की जांच कराई गई, जिन्होंने बरामद मांस के गोवंश का होने की पुष्टि की है। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उनकी तलाश में पुलिस दबिश डाल रही है।