बवाना के ग्रामीण बोले, बेटियों के साथ छेड़खानी सहन नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बवाना गांव की छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले से ग्रामीण काफी सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि छेड़छाड़ के बाद हुए बवाल ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। इन घटनाओं से साबित होता है कि पुलिस प्रशासन का कोई खौफ आरोपियों और उनके समर्थकों में नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर बेटियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया तो बेटियों के साथ यह नाइंसाफी होगी। ग्रामीणों ने कहा कि बेटियों के साथ छेड़खानी जैसी घटना सहन नहीं की जाएगी।
जिले में छात्राओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के लिए मुसीबत पैदा कर दी है। बवाना गांव की छात्राओं के साथ हुए छेड़छाड़ के विरोध में आरोपी और उनके समर्थकों द्वारा किए गए बवाल से पुलिस प्रशासन भी सकते में है। आरोपियों के हमले में पुलिस महकमे के पांच कर्मचारियों के घायल होने के साथ ही पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस घटना से छात्राओं के अभिभावकों में काफी नाराजगी है। इस मसले पर बवाना गांव के ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने शुक्रवार को पूर्व प्रधान दुलीचंद के घेर में घटना को लेकर विचार विमर्श किया। पीडित छात्रा के बाबा ने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। गांव की काफी बेटियां स्कूल में पढ़ने जाती है। उनके साथ छेड़छाड़ की घटना निंदा का विषय है। किसी के साथ उनकी कोई लड़ाई नहीं है। हालांकि बेटियों के साथ छेड़खानी की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राम प्रधान रुस्तम ने कहा कि बवाना- बुढ़ाना मार्ग से क्षेत्र के गांव बवाना, सफीपुर, खानपुर तथा शिकारपुर की काफी संख्या में बेटियां स्कूल में पढ़ने जाती हैं। सभी का समय अलग-अलग है। अधिकतर लड़कियां बुढ़ाना कस्बे में ट्यूशन पढ़ती है। सभी एक साथ नहीं आ सकती। सफीपुर रोड पर ई-रिक्शा, जुगाड़ व अन्य वाहनों का इंतजार भी करना पड़ता है। इस सड़क पर कस्बे में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस को इस ओर ध्यान देना होगा। पूर्व प्रधान रामकिशन व राजबीर सिंह ने कहा कि छेड़खानी की घटनाएं अनेकों बार हुई है। पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की जा चुुकी है। इस समस्या का प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया। ग्रामीणों ने सुझाव देते हुए कहा कि बवाना-बुढ़ाना मार्ग पर सड़क किनारे अतिक्रमण हटवाया जाए। इस मार्ग पर स्कूल समय पुलिस की गश्त अथवा स्थायी पिकेट होनी चाहिए। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर यूपी डायल100 की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो इसका स्थायी समाधान होना चाहिए। इस मौके पर कृतपाल, किशन, अनंगपाल, राजेंद्र सिंह, मिंटू कुमार आदि मौजूद रहे। क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य अवनीश चौधरी ने बताया कि सांसद व विधायक से इस संबंध में वार्ता हो चुकी है। समस्या का स्थायी समाधान करवाया जाएगा।
महत्वपूर्ण
पुलिस प्रशासन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान निकाले