महिला से चेन लूटी
तितावी। बघरा बिजलीघर के पास स्थित शिव शक्ति ढाबे पर हरिद्वार जाते समय खाना खाने के लिए रुके जींद हरियाणा के श्रद्धालुओं के साथ आई एक महिला की चेन बाइक सवार दो बदमाश छीन कर फरार हो गए। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
हरियाणा की जिला जींद से भक्त हरिद्वार जा रहे थे। बघरा के पास वे भोजन के लिए शिव शक्ति ढाबे पर रुके थे। महिला अन्नू पत्नी राजेश गर्ग सड़क पर खड़ी थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उससेचेन छीन कर फरार हो गए। तितावी पुलिस ने भागदौड़ करके दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया, जहां पर दोनों को पुलिस पीड़िता के पास पहचान के लिए सामने लाए, लेकिन महिला ने दोनों को पहचानने से इंकार कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है। पुलिस ने होटल मालिक बिनोद की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
धोखाधड़ी कर 45 लाख ठगे
मुजफ्फरनगर। प्लाटों के शेयरों में धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीडित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नई मंडी क्षेत्र के गांव सहावली निवासी सिद्धार्थ ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गोकुल सिटी निवासी दिनेश राठी, उसकी पत्नी छाया और श्वेता बंसल ने उसके पिता संजयवीर के प्लाटों के शेयरों में धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से शेयर अपने नाम कराकर 45 लाख 82 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।
किशोरी का अपहरण
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रैदासपुरी निवासी शंकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उसकी बहन को मोहल्ला का ही युवक अनुज अपनी मां व पिता के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर ले गया है।
डायल 100 टीम में शामिल हुई 17 बाइक
मुजफ्फरनगर। पुलिस की डायल 100 बेड़े में 17 बाइक और शामिल की गई है। एक बाइक को रिजर्व रखा गया। इन बाइक मोबाइल का उद्वेश्य है कि जरूरत पड़ने पर भीड़ भाड़ वाली गली व ट्रैफिक कि जाम की स्थिति में पीड़ित तक आसानी से जाया जा सके। एसएसपी अनंत देव ने पुलिस लाइन से इन बाइकों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। एसएसपी ने बताया कि इन बाइक द्वारा रिस्पांस टाइम को सीमित समय में कवर किया जा सकता है। इन 100 डायल बाइक में एमडीटी जैसी तकनीकी से लेस किया गया है। इस मौके पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, आरआई वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
किशोरी से छेड़छाड़
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के एक गांव में निवासी किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में ही रहने वाले अंकित ने उसके साथ मलीरा बस अड्डे पर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
दस-दस हजार के दो इनामी पकड़े
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कोर्ट से मफरुर चल रहे दस-दस हजार रुपये के दो इनामी को पकड़ कर कोर्ट में पेश किया है।
नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम से संबंधित संजय पुत्र कृष्ण कुमार निवासी नई मंडी और 25 आर्म्स एक्ट से संबंधित सुभाष पुत्र तेजराम निवासी कूकड़ा कोर्ट में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ सीआरपीसी की धारा 299 के तहत कार्रवाई करते हुए मफरूर घोषित किया गया था। दोनों मफरूर पर एसएसपी ने दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसआई मदन सिंह बिष्ट, एसआई योगेंद्र सिंह की टीम ने दोनों को जानसठ बस स्टेंड से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
युवक से मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के मोहल्ला शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी सोनू पुत्र इस्तेखार ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर खड़ा था। एक युवक ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस जांच कर रही है।