लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को खदेड़ा
भोपा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए गोकशी के आरोपी को निर्दोष बताते हुए ग्रामीणों व महिलाओं ने थाने पर प्रदर्शन कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को थाने से खदेड़ दिया, जिसमें एक महिला घायल हो गई।
गांव यूसूफपुर निवासी गुलजार, अल्लाह मेहर, साजिद, इरशाद, यासीन, रेशमा, वसीला, हसीना, इकराम, हसन आदि ने शनिवार की सुबह थाने पहुंच कर हंगामा करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव का ही युवक मेहरबान थाने में कुछ लोगों के साथ शुक्रवार की शाम को एक फैसले में आया था, जिसे पुलिस ने गोकशी का आरोपी बताते हुए हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचे लोग मेहरबान को छुड़ाने के लिए हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने मेहरबान को थाने से छुड़ाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को थाने से खदेड़ दिया, जिसमें एक महिला घायल हो गई। उधर, थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को किशनपुर गांव के जंगल में गौवंश के कटान की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी, जिसमें आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मौके से ढाई क्विंटल मांस, खाल, कटान के उपकरण व एक बाइक बरामद की गई थी। पुलिस ने बताया कि जांच में मेहराज, हामिद निवासी किशनपुर व भूरा तथा मेहरबान निवासी युुसुफपुर तथा रतनपुरी निवासी एक युवक का नाम भी प्रकाश में आया था। पुलिस ने मेहरबान को उसी के घर से हिरासत में लिया था।