भोपा। क्षेत्र के गांव बेलड़ा में सड़क पर गाड़ी से स्टंटबाजी कर आम जनता की जान जोखिम में डालने वाले पांच बरातियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टंट में प्रयुक्त दो कारों को सीज कर दिया, जबकि दो अन्य वाहनों का 40 हजार रुपये का चालान काटा गया है।
गांव बेलड़ा में सलीम मलिक की बेटी की बरात मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नावला गांव से आई हुई थी। कुछ बरातियों ने कारों में सवार होकर मुख्य मार्गों पर हुड़दंग मचाया। वे कारों के इधर-उधर दौड़ने के साथ ही तेज आवाज में गाड़ी में लगा साउंड व हॉर्न बजाने लगे। स्टंटबाजी के साथ-साथ दबंगई दिखाने को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। किसी ने वीडियो वायरल कर दी तो पुलिस सक्रिय हो गई। इसके बाद भोपा पुलिस ने कार्रवाई की। कैफ, जुनैद, सादिक निवासी निवादा थाना मंसूरपुर, अजीम निवासी आखलौर थाना कोतवाली नगर व इन्त्याज निवासी सोमापुर थाना कंकरखेड़ा जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।