भोपा। नंगला बुजुर्ग गांव में खेतों में दवाई का छिड़काव करने गए युवा किसान मुंतसीम को ट्यूबवेल चलाते समय विद्युत करंट लग गया। उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया ।
थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी नसीम व उसका 21 वर्ष बेटा मुंतसीम गांव के पंच पेड़ा नामक जंगल में ठेके पर ली गई कृषि भूमि में खड़ी फसल में दवाई का छिड़काव करने के लिए गए थे। मुंतसीम पीठ पर लगाकर दवाई छिड़कने वाली मशीन में पानी भरने के लिए पास में ही ट्यूबवेल पर गया था। जैसे ही वह ट्यूबवेल को चलाने लगा तो अचानक उसे तेज करंट लग गया और वह वहीं पर गिर गया।
कुछ गड़बड़ महसूस कर पिता नसीम तुरंत ट्यूबवेल की तरफ दौड़ा। वहां जाकर देखा तो मुंतसीम अचेत पड़ा था। पास में ही खेतों में काम कर रहे अन्य लोग भी वहां आ गए और मुंतसीम को मुजफ्फरनगर उपचार के लिए ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार व गांव में शोक है। देर शाम बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के परिवार में पिता नसीम, माता हुसनजहां, भाई अनस, मुस्यब, अदनाम हैं। वह चारों भाइयों में दूसरे नंबर का था।