खतौली। नगर निवासी एक युवक से शादी के नाम पर 1.16 लाख की ठगी कर ली गई। इस मामले में पीडित ने पुलिस को तहरीर देकर रुपये वापस कराए जाने की मांग की है।
नगर निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका रिश्ता मुजफ्फरनगर के एक मोहल्ले में तय हुआ था। आरोप है कि लड़की पक्ष ने अपनी पसंद के कपड़े खरीदने के लिए लड़के को शहर बुलवाया तथा 34 हजार रुपये के लड़की के कपड़े खरीद कर भुगतान लड़के से करा लिया।
पीडित ने बताया कि इसके बाद उसे फिर बुलवाया गया तथा कहा कि रिंग लड़की की पसंद की होगी तथा उसकी भी रिंग खरीदनी है। जिस पर वह फिर मुजफ्फरनगर गया तो लड़की पक्ष ने अपनी मर्जी की लड़की की रिंग खरीद ली तथा उसकी रिंग नहीं खरीदी। रिंग का 82 हजार रुपये का भुगतान भी उससे करा लिया।
लड़की पक्ष की हरकत को देखते हुए लड़के ने रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। सीओ खतौली रुपाली राय का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।