खतौली। बैंक का लॉकर फंसने से सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10 का अंग्रेजी का पेपर निर्धारित समय से डेढ़ घंटा देरी से शुरू हो सका। बच्चों की परीक्षा को लेकर अभिभावकों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। एक बजे शुरू हुआ पेपर शाम सवा चार बजे तक चला।
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा के लिए मॉडर्न पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर शनिवार को सुबह साढ़े दस बजे कक्षा 10 का अंग्रेजी का पेपर होना था। परीक्षा केंद्र के प्रश्नपत्रों को रखने के लिए केनरा बैंक शाखा में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है।
बैंक के लॉकर में प्रश्नपत्र रखे हुए हैं। शनिवार को केंद्र व्यवस्थापक बैंक में प्रश्नपत्र को लेने गए। जब बैंक का लॉकर खोलने का प्रयास किया गया तो लॉकर नहीं खुल सका। काफी देर तक लॉकर खोलने का प्रयास विफल होने पर केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य सुबोध कुमार ने सीबीएसई के रीजनल ऑफिस देहरादून में आरओ से संपर्क कर उन्हें हालात से अवगत कराया।
इसके बाद आरओ ने विद्यालय की ईमेल आईडी पर पेपर डाला। इसके बाद पेपर की फोटो कॉपी कर परीक्षार्थियों को पेपर दिया गया, तब जाकर परीक्षा केंद्र पर ढाई घंटे बाद परीक्षा शुरू हो सकी।
nअभिभावकों ने किया हंगामा : मॉडर्न पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षा देरी से शुरू होने पर अभिभावकों ने हंगामा किया। अभिभावकों संजय राठी, अमित शर्मा, अमित तोमर, स्नेहा, अमित अग्रवाल आदि का कहना था कि उनके बच्चे भूखे हैं। जिस कारण उनका पेपर ठीक नहीं होगा। हंगामा होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिभावकों को समझा-बुझाकर शांत किया।
उधर, मॉडर्न पब्लिक स्कूल के मैनेजर कुलदीप त्यागी, रंजन अहलावत ने बताया कि परीक्षा देर से शुरू होने पर सभी परीक्षार्थियों को नाश्ता दिया गया। परीक्षार्थी रौनक, उदित, दिव्यांशी, ईवा, प्रसिद्धि ने बताया कि उनको परीक्षा से पहले नाश्ता दिया गया था। पेपर बहुत अच्छा हुआ है।
खतौली में परीक्षा केंद्र पर लाई गई फोटो स्टेट मशीन। संवाद- फोटो : 1
खतौली में परीक्षा केंद्र पर लाई गई फोटो स्टेट मशीन। संवाद- फोटो : 1