मुजफ्फरनगर। अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि समझौते के विरोध में भाकियू टिकैत की नगवा कुटी पर रविवार को होने वाली पंचायत स्थगित कर दी गई है। प्रशासन से बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया। वजह मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा बताया गया है। दौरे पर प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह भी साथ रहेंगे।
सिसौली की मासिक पंचायत में भाकियू ने रविवार को बुढ़ाना के निकट नगवा कुटी पर चार जिलों की पंचायत तय की थी। मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर के अलावा शामली के किसानों को यहां पंचायत में पहुंचना था। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि पंचायत स्थगित कर दी गई है।
प्रधानमंत्री के मेरठ दौरे को देखते हुए प्रशासन ने संगठन से बात की थी। सहमति के बाद ही पंचायत स्थगित की गई है। अब पंचायत का आयोजन होली के बाद किया जाएगा। किसानों के बीच डील को लेकर नाराजगी का माहौल है।