खतौली। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर मोहल्ला सराफान पश्चिम के सामने मिट्टी से लदी ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर लगने से सड़क किनारे खेल रहे किशोर मुशीर (14) की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में लिया है।
कुछ दिन पहले सहारनपुर से आकर मोहल्ला सराफान पश्चिम में किराये के मकान में रह रहे मुनीर का पुत्र मुशीर सोमवार शाम करीब तीन बजे गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग के किनारे खेल रहा था।
इसी दौरान अलकनंदा पुल की ओर से सठेडी पुल की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक ने किसी वाहन को बचाने के प्रयास में सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इसी दौरान अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर चालक ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को भी टक्कर मार दी।
हादसे में मुशीर और बाइक सवार युवक मोहल्ला सददीक नगर निवासी सुहेल तथा ढाकन चौक निवासी रेहान घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मुशीर को मृतक घोषित कर दिया।
घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी मिलने पर मृतक और घायलों के परिजन सीएचसी पहुंचे। मुशीर की मौत से परिजनों में शोक छाया हुआ है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लिया है। हादसे की देर शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।