कांधला। कस्बे के रेलवे रोड स्थित छोटी नहर के पास बुधवार को एक स्कूल के छात्रों के दो गुटों के बीच अचानक जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान रेलवे रोड पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जबकि आसपास मौजूद दुकानदारों व राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर लोगों की आवाजाही थम सी गई। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों गुट वहां से भाग गए।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर छात्रों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, छात्रों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।