कांधला। क्षेत्र के गांव गगेरु में स्थित एक स्कूल की छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय से घर लौटते समय कुछ युवक छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं। पीड़ित परिवारों ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव डुंढार के लोगों का कहना है कि उनकी पुत्रियां प्रतिदिन गगेरु स्थित स्कूल जाती हैं। रास्ते में कुछ युवक उनको रोककर अश्लील इशारे करते हैं और आपत्तिजनक बातें कहते हैं। विरोध करने पर आरोपी मारपीट और बदसलूकी पर उतारू हो जाते हैं, जिससे छात्राएं भयभीत हैं। परिजनों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बेटियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।