शिव चौक पर कोरोना वाइरस के प्रति नागरिकों को जागरुक करते हिन्दू सघर्ष समिति के पदाधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
विदेश से आए 35 लोगों को मिली क्लीन चिट
मुजफ्फरनगर। कोरोना के खौफ के बीच राहत भरी खबर है। विदेश से लौटे 52 में से 35 लोगों को क्लीन चिट मिल चुकी है, जबकि 17 अभी भी निगरानी में हैं। हालांकि इनमें भी वायरस का कोई लक्षण नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग उनके एयरपोर्ट पर उतरने के बाद से 28 दिनों तक निगरानी करता है। 17 मार्च को सभी की निगरानी पूरी हो जाएगी।
भारत में कोरोना के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया था। जिले में अब तक 52 लोग विदेशों से लौटे हैं। एयरपोर्ट से मिली इन लोगों की सूची के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग इनकी निगरानी कर रहा था। 35 लोगों को भारत आए 28 या उससे ज्यादा दिन हो गए हैं। इस अवधि में इन लोगों में वायरस का कोई लक्षण नजर नहीं आया। इसलिए इन्हें क्लीन चिट दे दी गई है। बाकी 17 लोगों की निगरानी अभी चल रही है। जिले से एक व्यक्ति का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद विभाग ने चैन की सांस ली। सीएमओ डॉ. प्रवीण चौपड़ा का कहना है कि जिले में कोरोना का कोई संदिग्ध केस नहीं है। जिन लोगों की निगरानी हो रही है, वह भी 17 मार्च तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद यदि जिले में कोई व्यक्ति विदेश से आता है तो उसकी निगरानी होगी।
बदल रहा मौसम बन रहा खतरा
मुजफ्फरनगर। बीते कुछ दिनों से बदल रहा मौसम स्वास्थ्य के लिए खतरा बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की गाइड लाइन के मुताबिक कोरोना का वायरस 26 डिग्री से अधिक तापमान में निष्क्रिय हो जाता है। बीते कुछ दिनों से आंधी और बारिश के कारण तापमान कम हो गया है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 23.3 तथा न्यूनतम 8.4 डिग्री रहा। कम तापमान कोरोना वायरस के लिए मुफीद है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग भी फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। विदेश से आने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अपना ही मास्क कर न दे बीमार
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के भय से लोग मास्क खरीद रहे हैं। स्वस्थ व्यक्ति भी मास्क लगाकर घूम रहे हैं। बाजार में मास्क की किल्लत दर्शाई जा रही है तथा उन्हें अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्वस्थ व्यक्ति को मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है। एसीएमओ डॉ. वीके सिंह का कहना है कि मास्क की अपनी लाइफ होती है। स्वस्थ व्यक्ति यदि मास्क लगाता है तो उसकी सांस के साथ आने वाले कीटाणु एवं मास्क में लगने वाली धूल आदि उसमें जमी रहती है। व्यक्ति उसी मास्क को बार-बार लगाता रहता है, जिससे व्यक्ति को नुकसान हो सकता है। इसलिए स्वस्थ व्यक्ति को मास्क लगाने की आवश्यकता नहीं है।