मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना से रालोद के नवनिर्वाचित विधायक राजपाल बालियान ने भाजपा के उमेश मलिक को 28 हजार 310 के अंतर से हराकर जिले की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। बालियान का कहना है कि सभी बिरादरियों ने वोट दिया है, लेकिन मुस्लिम उनके पक्ष में एकजुट रहा। इसी वजह से जीत मिली।
शुक्रवार को बालियान गढ़ी नौआबाद स्थित घर पर दिनभर समर्थकों से घिरे रहे। उनका कहना है कि हर गांव में वोट मिलने की वजह से मतगणना के दौरान एक बार बढ़त मिलने के बाद वह पीछे नहीं रहे। करौदा महाजन के दूसरे बूथ पर जीत मिलनी शुरू हुई और आखिर तक मतदाताओं ने भरोसा जताया। जौला गांव के कई बूथों पर भाजपा प्रत्याशी का खाता भी नहीं खुला। हुसैनाबाद भनवाड़ा, रियावली नंगला समेत अन्य गांव के बूथों पर बड़ी संख्या में वोट मिले हैं, जिससे राह आसान हुई और जीत का रास्ता साफ हो गया। जीत में प्रत्येक गांव का योगदान रहा है।
चरथावल में उम्मीद से कम वोट मिलने से पलटी बाजी : सपना
चरथावल। चरथावल विधानसभा सीट पर भाजपा की सपना कश्यप को 5334 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। जिले की यह सबसे कम अंतर से हार रही। भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप का कहना है कि चरथावल नगर में उम्मीद से कम वोट मिलना हार की वजह रहा।
शुक्रवार को उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत के साथ चुनाव में काम किया। परंपरागत वोट भी भरपूर मिला। चरथावल की अपेक्षा बघरा मंडल मुफीद रहा। ठाकुर बहुल बिरालसी मंडल में 12 हजार की बढ़त बनाकर आने के बावजूद चरथावल कस्बे में निराशा मिली। ईवीएम खुलने के बाद यहां बढ़त मात्र 400 रह गई। जो सदर ब्लॉक और हरसौली मंडल के गांवों मेें सपा उम्मीदवार की बढ़त के सामने नाकाफी रही। सपा प्रत्याशी के पक्ष में मुस्लिम मतों की लामबंदी और भाजपा के परंपरागत वोट वाले कई गांवों में मतदान प्रतिशत में कमी के चलते सफलता की दहलीज तक नहीं पहुंच सकी। वह राजनीतिक संघर्ष जारी रखेंगी। भविष्य की रणनीति के बारे में विचार-विमर्श के बाद फैसला लिया जाएगा।
राजपाल बालियान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR