फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉर्डिंग्स को लेकर विधायक और इंस्पेक्टर में नोकझोंक  

Wed, 22 Nov 2017 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
प्रत्याशियों के होर्डिंग उतारते पुलिसकर्मी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आदर्श आचार संहिता को लेकर सरकारी मशीनरी एक्शन में आ गई है। मंगलवार को पुलिस और नगर पालिका अधिकारियों ने शहर में अभियान चलाकर प्रत्याशियों के बैनर, पोस्टर, हॉर्डिंग्स जब्त कर लिए। अभियान के दौरान प्रकाश चौक पर बीजेपी प्रत्याशी का हॉर्डिंग्स उतारने को लेकर सिविल लाइन इंस्पेक्टर की शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल से जमकर नोकझोंक हुई। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने सभासद पद के आठ प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के मुकदमे दर्ज किए हैं, जबकि सिविल लाइन पुलिस प्रत्याशियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने की तैयारी में है। 
विज्ञापन


एसडीएम सदर कन्हई सिंह यादव ने मंगलवार को नगर पालिका और पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में लगाए गए बैनर, पोस्टर, हॉर्डिंग्स आदि उतरवाने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका के टीएस आरडी पौरवाल के नेतृत्व में पालिका की तीन टीम गठित की गई। पुलिस के साथ शहर में अभियान चलाया गया। कोर्ट रोड, कच्ची सड़क, अंसारी रोड, मीनाक्षी चौक, रुड़की रोड, नईमंडी, खालापार, कृष्णापुरी आदि इलाकों में बिना अनुमति के लगाए गए पोस्टर, बैनर, हॉर्डिंग्स उतारे गए। 

पालिका टीम ने सभी को जब्त कर लिया। जब टीम प्रकाश चौक पर पहुंची तो बीजेपी प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के बाहर लगे बडे़ हॉर्डिंग्स को उतारने का प्रयास किया, जिस पर वहां मौजूद शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल की सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी के साथ जमकर नोकझोंक हुई। इंस्पेक्टर ने हॉर्डिंग्स की अनुमति दिखाने को कहा, जिस पर विधायक ने कहा कि अनुमति दिखा दी जाएगी। विधायक ने हॉर्डिंग नहीं उतरने दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ प्रत्याशियों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर मुकदमे दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। 
विज्ञापन


उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने कृष्णपुरी के वार्ड 21 में सभासद पद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी सुनीता, खातून, वार्ड 23 में जितेंद्र, संगीता, वार्ड 17 में राजीव शर्मा, गौरवराज शर्मा, वार्ड 27 में आजाद खान और अहमद अली के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर धारा 188 और 127ए के तहत मुकदमे दर्ज कराए हैं। 

मीरापुर में चार के खिलाफ मुकदमे
मीरापुर। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने तीन चेयरमैन प्रत्याशियों और एक सभासद प्रत्याशी के विरुद्ध मुकदमे दर्ज कर लिए। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के नियमों के उल्लंघन के अंतर्गत चेयरमैन पद की प्रत्याशी कविता सैनी पत्नी नवीन सैनी, फिरोज पत्नी मुस्तकीम, राबिया पत्नी जमील मलिक और वार्ड नंबर चार के सभासद प्रत्याशी मौ. आलम जैदी के विरुद्ध बिना अनुमति के प्रचार सामग्री, बैनर, होर्डिंग आदि सार्वजनिक स्थानों पर लगाना, प्रचार सामग्री निर्धारित आकार से बड़ा होना और मुद्रक आदि का नाम अंकित न होने आदि के कारण कस्बा प्रभारी राजेंद्र गिरी की ओर से आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन


कल आएंगे चुनाव प्रेक्षक 
मुजफ्फरनगर। शासन की ओर से जिले में निकाय चुनाव के लिए नियुक्त किए गए चुनाव प्रेक्षक देवाशीष पांडा 23 नवंबर बृहस्पतिवार को जिले में आएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें