अभिनय के बंदूकबाज सियासी मंच पर निशाना साधते दिखे। बॉलीवुड में अपनी अदाकारी से नया मुकाम पा चुके नवाजुद्दीन सिद्दीकी बुढ़ाना में अलग अंदाज में नजर आए, मगर राजनीति की बातों में असहज ही रहे। अपने घर में हेलीकॉप्टर से नवाज शाही अंदाज से आए जरूर, लेकिन उनकी वेशभूषा और हावभाव पर मुंबई कतई हावी नहीं थी। छोटी कद-काठी का बड़ा कलाकार भविष्य का संकेत भी दे गया है।
बुढ़ाना से मुंबई तक के मुकाम में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की कहानी एक पहेली है। खेतीबाड़ी से जुड़े बड़े कुनबे में जन्मे नवाज का फिल्म इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं था। खुद के जुनून में उन्होंने फिल्मी पर्दे पर नई ऊंचाइयां पाई हैं। हेलीकॉप्टर से बुढ़ाना के डीएवी इंटर कालेज के मैदान में उतरे तो उनका आम आदमी जैसा ही लिबास नजर आया। न कोई ग्लैमर और न ही दिखावा।
उन्हें देखकर नहीं लगा कि यह वही नवाजुद्दीन हैं, जो विद्या बालन, करीना कपूर, हुमा कुरैशी, जैकलीन फर्नांडीस जैसी नायिकाओं के साथ पर्दे पर अभिनय का जलवा दिखाते हैं। नवाज को सुनने आई भीड़ ने दिल से सुना। उनके चहेतों में युवा और बच्चे अधिक उमड़े। शूल और सरफरोश जैसी फिल्मों में छोटा सा रोल कर बड़े सपने देखने वाले नवाजुद्दीन ने अपनी बातों सेे सियासी चाहत भी जाहिर की। गैंग्स ऑफ वासेपुर से ऊंचाइयां चढ़े नवाज की बातें सीधी सपाट थी।
बिहार के माउंटमैन दशरथ मांझी का जिक्र कर उन्होंने युवाओं को संघर्ष के लिए प्रेरित किया। दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का यह होनहार बुढ़ाना की नई तांती की जुबां पर रहता है, भीड़ में जहां से भी गुजरे बस नवाज का ही जिक्र था। अपनी फिल्मों में शानदार अभिनय की बदौलत राष्ट्रीय पुरस्कार पा चुके सिद्दीकी पूरी सभा में शांत रहे। शालीनता से अपने हावभाव के जरिये सुनने आवाम का इस्तकबाल किया। उनके अंदाज से यही संकेत भी मिला कि बॉलीवुड का नायक सूबे की राजनीति में भविष्य में दखल कर सकता है।
अखिलेश की नजरें इनायत
बुढ़ाना। हाल ही अपनी ऑटो बायोग्राफी को लेकर विवादों में आए नवाजुद्दीन सिद्दीकी को अखिलेश सरकार ने यश भारती से नवाजा था। वही नजदीकियां उनके परिवार को राजनीति के मंच पर ले आई। सपा ने खुद पहल की और बुढ़ाना नगर पंचायत से उनके भाई फैजुद्दीन की पत्नी को पार्टी का टिकट दे दिया।
पद्मावती पर चुप्पी साध गए नवाजुद्दीन
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना चुनावी सभा को संबोधित करने आए बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने विवादों में घिरी पद्मावती फिल्म पर बोलने से चुप्पी साध ली। बोले कि यह मंच फिल्मी नहीं है। वह भाभी के लिए प्रचार करने के आए हैं। फिल्म पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। चुनाव के लिए जनता पर भरोसा है। टिकट के लिए कोई पहल नहीं की थी, सपा ने उनके परिवार को खुद चुना है।
मंगलवार को बुढ़ाना में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सबा सिद्दीकी की चुनावी सभा में पहुंचे अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी विवादित फिल्मों पर चुप्पी साध गए। पत्रकारों के सवालों का जवाब देने में संजय लीला भंसाली की पद्मावती पर मौन रहे। सवालों का भी जवाब सादगी के साथ दिया।
पद्मावती पर बोले कि यह मंच फिल्मी नहीं है। बुढ़ाना में वह भाई के प्रचार के लिए पहुंचे हैं। चुनाव में जीत के आधार पर कहा कि जनता पर भरोसा है। जनता हमेशा अच्छे का साथ देती है। उन्होंने समाजवादी से टिकट के लिए कोई पहल नहीं की थी। सपा हाईकमान ने खुद उनके परिवार को टिकट दिया है। बोले कि हर काम के लिए एक समय और मेहनत होती है। अपनी आने वाली फिल्मों के जिक्र से भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी परहेज करते दिखे।