नाली सफाई को लेकर दो पक्षों में संघर्ष
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। गांव हाशमपुर में नाली सफाई को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। संघर्ष में महिला समेत छह लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव हाशमपुर निवासी खालिद के परिवार में लड़की की शादी है, जिसकी शनिवार सुबह बरात आनी है। आरोप है कि शुक्रवार शाम पड़ोसी लाल खां पक्ष ने नाली की सफाई कर सारा कूड़ा खालिद के घर के बाहर फेंक दिया। खालिद पक्ष ने शादी के मद्देनजर इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। सूचना मिलते ही एसओ सतेंद्र नागर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। एसओ ने बताया कि संघर्ष में फरमानी, वसीम, इमरान, वाजिद, अफजाल व फईम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी जानसठ में भर्ती कराया गया। एसओ ने बताया कि तहरीर आने पर जांच की जाएगी।