खतौली। शैक्षणिक व अन्य सामयिक गतिविधियों को सुचारू व व्यवस्थित रूप में संचालित करने के लिए एसडीएम ने सभी कालेजों के प्रधानाचार्यो की बैठक में कोविड़-19 के दौरान किस प्रकार कालेज संचालित किया जाना है, उसको लेकर शासनादेश से अवगत कराया है। वहीं खतौली ब्लाक के नोडल अधिकारी ने शुक्रवार को कई स्कूलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने कालेज प्रधानाचार्यों की बैठक में बताया कि कोविड़-19 के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूल, कालेज बंद रखे गए थे, अब कक्षा 9 से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों के स्कूल खोले जाने के निर्देश आने के बाद सभी कालेज संचालकों को अपने कालेज शुरू करना है। इस दौरान कालेज में आने वाले बच्चों के पास उनके परिजनों द्वारा दिए गए अनुमति पत्र होना चाहिए। बच्चों को स्कूल में प्रवेश करने से पहले उनके हाथों को सैनिटाइज कराएं या साबुन से अच्छी प्रकार साफ कराएं। सभी बच्चे मास्क का प्रयोग करें। सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए। कालेज को दो शिफ्ट में संचालित करें। बच्चे यदि अधिक है तो उन्हें किसी प्रकार क्रमवार बुलाना है, इसकी रूपरेखा तैयार की जाए।
इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी ब्लाकों पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। खतौली ब्लाक से पिकेट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य केरल एसएच सिंह नोडल अधिकारी ने बताया कि कालेज संचालन को लेकर शुक्रवार को सर सैयद इंटर कालेज के साथ तिगाई में स्थित आदर्श इंटर कालेज का निरीक्षण कराया गया। कालेज प्रधानाचार्यों को शासनादेश के बारे में बताया गया और कोविड़-19 के नियमों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू करने के निर्देश दिए गए।