मुजफ्फरनगर। मौसम में ठंडक बरकरार है। रविवार को दिनभर आकाश में बादल छाए रहने और शीतलहर चलने से ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अधिकतम तापमान भी लुढ़ककर 18.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सुबह को बाजार देर से खुले और दिन में भी ठंड के कारण अधिक भीड़भाड़ नहीं रही। रात करीब 9.30 बजे बारिश होने से ठंड और बढ़ गई। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश से गेहूं की फसल को लाभ होगा, लेकिन तेज बारिश हुई, तो गन्ना छिलाई का कार्य प्रभावित होगा।
मौसम ने सर्दी के सितम को बढ़ा दिया है। रविवार सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। सूरज नहीं निकलने से आम जनता को ठंड का अधिक अहसास हुआ। सुबह को बाजार देर से खुले। दिनभर बादल छाए रहने और शीत लहर चलने से आम जनजीवन पर काफी प्रभाव पड़ा है। न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सर्दी इतनी बढ़ गई है कि सभी ने अपने सिर के टोपे, मफलर, जरकीन, गर्म चादर आदि निकाल लिए हैं। लोग सर्दी में गर्म कपड़ों से लदे दिखाई दिए।
अलाव से दूर कर रहे सर्दी
शहर के मुख्य चौराहों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी रात में अलाव के सहारे अपनी ठंड दूर कर रहे हैं। शिवचौक, मीनाक्षी चौक, रोडवेज के सामने, अहिल्याबाई चौक पर अलाव बड़ा सहारा बना है।
-------------------------
एक सप्ताह से 6.0 डिग्री से नीचे तापमान
दिन न्यूनतम तापमान
20 दिसंबर: 4.0 डिग्री सेल्सियस
21 दिसंबर: 2.2 डिग्री सेल्सियस
22 दिसंबर: 3.0 डिग्री सेल्सियस
23 दिसंबर: 5.8 डिग्री सेल्सियस
24 दिसंबर: 5.2 डिग्री सेल्सियस
25 दिसंबर: 3.7 डिग्री सेल्सियस
26 दिसंबर: 5.3 डिग्री सेल्सियस
ठंड से बचाव के लिए ऊनी कपडो में शिव चौक से गुजरते स्कूटी सवार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR