डीएम अपने आवास पर अधिकारियों की बैठक लेते हुए।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
निकायों में सफाई व्यवस्था दिखनी चाहिए: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में जिले की स्थानीय निकायों को लेकर बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी निकायों में सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति एवं जल की स्वच्छता, जल की लीकेज की रोकथाम एवं करो की वसूली आदि के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने जोन में सफाई नायकों-सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों का निरंतर निरीक्षण करेंगे। जोन में उत्पन्न जनसामान्य की समस्याओं का भी निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। वह सफाई व्यवस्था के प्रति अत्यन्त गंभीर है। सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थानों, पार्कों एवं खुले स्थानों पर सफाई, नाले और नालियों की सफाई और कूडे़ तथा मलबे का निस्तारण निरंतर होना चाहिए। डीएम ने कहा कि जो शिकायतें कार्यालयों में आती है उन पर विशेष ध्यान देकर पूर्ण रूप से निस्तारण किया जाए। अगर किसी नगर निकाय की मेरे पास शिकायत आती है तो हम संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने ईओ नगर पालिका को निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों को सूचित कर दिया जाए कि दुकान के बाहर डस्टबिन अवश्य रखें और उसी में कूड़ा डालें। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह एवं नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, उपजिलाधिकारी सदर दीपक कुमार, उप जिलाधिकारी जानसठ जयेंद्र सिंह जानसठ सहित सभी ईओ उपस्थित रहे।