नगर के सर्कुलर रोड का नाला कूड़े से अटा
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शहर के सरकुलर रोड स्थित सड़क के दोनो तरफ नाला है। नाले गंदगी से अटे पडे़ हैं। पानी जमा होने के कारण सड़क पर आ रहा है। आम जनता गंदगी और मच्छरों से परेशान है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पालिका नियमित रूप से नाले की सफाई नहीं कराती है।
सरकुलर रोड शहर का ऐसा मार्ग है, जहां पर बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थाएं है। मेरठ जाने वाले इस मार्ग के दोनो ओर बड़े नाले हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के सामने बड़ा नाला है। सड़क के दूसरी तरफ इससे छोटा नाला है। यहां नालों की स्थिति यह है कि नियमित सफाई नहीं होती है। दोनो तरफ नालों का पानी ऊपर आ चुका है। नाले की नीचे तक सफाई नहीं होने के कारण नालों में ऊपरी तक घास चढ गया है। मार्ग पर कई स्थान ऐसे है जहां पानी सड़क पर आ गया है। मुख्य मार्ग के आस-पास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग के दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। पानी सड़क पर आता है तो ग्राहक को दुकान तक आने में परेशानी होती है।
नहीं होती नियमित सफाई
सरकुलर रोड पर रहने वाले बिजेंद्र सिंह का कहना है कि पालिका की तरफ से साल छह में महीने में एक बार सफाई होती है। सफाई के कुछ दिन बात फिर यही स्थिति बन जाती है। समस्या का स्थायी निदान नहीं किया जा रहा है। तीन-चार माह में एक बार सफाई हो जाए तो नाले में पानी नहीं रुकेगा।
इसी मार्ग की रहने वाली समुद्री देवी का कहना है कि नगर पालिका के लोग कभी कभी आ जाते हैं। नाले की अच्छी तरह साफ हो जाए तो पानी इकट्ठा नहीं होगा। जिस तरह की सफाई होनी चाहिए वह नहीं हो पा रही है। इस समय नाले में काफी पानी खड़ा हुआ है।
31 मई तक साफ हो जाएंगे नाले
नगर पालिका परिषद के ईओ हेमराज का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में 15 मई से नाला सफाई का अभियान चल रहा है। हमारा यह पूरा प्रयास है कि 31 मई तक सभी नालों की सफाई करा दी जाए। अभियान लगातार जारी रहेगा।