- अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर किया गया सेमिनार का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। जिला ड्रग इंस्पेक्टर लव कुश प्रसाद ने जनपद के सभी केमिस्टों को नशे के खिलाफ लड़ने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि ड्रग केमिस्ट बिना डाक्टर के पर्चे के नशा युक्त दवाइयां ग्राहक को न दें। नशे से जिंदगियां बर्बाद हो रही है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम सब मिलकर ईमानदारी से अपना काम करें।
मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर सेमिनार का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला ड्रग इंस्पेक्टर लव कुश प्रसाद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की जरूरत है। नशे की दवाई देने वालो को चिह्नित करें। समाज को सुधारने के लिए हम सबको स्वयं सुधरना होगा। एसोसिएशन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल ने कहा कि नशाखोरी पर रोकथाम लगाना हमारा फर्ज है। एसोसिएशन के बुढ़ाना अध्यक्ष टीटन उर्फ नरेंद्र सैनी ने कहा कि आजकल नए-नए कानून केमिस्टों पर लादे जा रहे हैं। इससे काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिलाध्यक्ष ने सभी केमिस्टों को नशाखोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ने की शपथ दिलाई। सेमिनार में संरक्षक आरके गुप्ता, महामंत्री संजय गुप्ता, कार्यवाहक महामंत्री दिवाकर प्रताप सोलंकी, मुकेश सोम, सचिन त्यागी, कुलदीप शर्मा, सुधीर यादव, पीयूष गोयल, मनोज भारद्वाज, विनोद, सुरेश, अरविंद सैनी व इसला आदि ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संजय गुप्ता ने किया।