मुजफ्फरनगर के महावीर चौक पर पुलिसबल को निर्देशित करते सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर एसएसपी अभिषेक यादव ने सीओ सिटी, शहर कोतवाली व सिविल लाइंस थानों की फोर्स के साथ शहर में पैदल मार्च कर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही नियमित चेकिंग के भी निर्देश दिए। वहीं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए स्कूल-कॉलेजों के पास चेकिंग प्वाइंट्स बनाते हुए अवांछितों की धरपकड़ के भी निर्देश दिए गए।
एसएसपी अभिषेक यादव ने मंगलवार को सीओ सिटी कुलदीप सिंह के साथ ही शहर कोतवाली व थाना सिविल लाइंस प्रभारियों के साथ ही भारी फोर्स के साथ शहर में पैदल मार्च किया। शिवचौक, भगतसिंह रोड, हनुमान चौक, सर्राफा बाजार, ईदगाह तिराहा, खालापार, प्रेमपुरी व मीनाक्षी चौक होते हुए फोर्स शिवचौक पहुंचा। यहां एसएसपी ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह रावत व इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा के साथ वार्ता कर क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों पर चेकिंग प्वाइंट्स बनाने के साथ ही आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके तहत बाजारों में नियमित गश्त करने और व्यापारियों से लगातार संपर्क में रहने के भी निर्देश दिए गए। एसएसपी ने आम जनता विशेषकर महिलाओं व छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ अथवा अन्य किसी तरह की घटना होती है, तो वे तत्काल पुलिस को सूचना दें। उनका नाम-पता पूरी तरह गुप्त रखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।