चेयरपर्सन ने डीएम को लिखा पत्र, कॉल रिसीव नहीं कर रहे ईओ
मुजफ्फरनगर। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने डीएम को भेजे पत्र में ईओ हेमराज पर स्वच्छता अभियान से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया है। अग्रवाल का कहना है कि ईओ कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं और स्वच्छता अभियान में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
बुधवार को भेजे पत्र में चेयरपर्सन ने कहा कि 28 फरवरी से शहर में स्वच्छता अभियान की शुरूआत हुई। पांच मार्च तक चलने वाले अभियान में अभी तक ईओ हेमराज सिंह ने कोई प्रतिभाग नहीं किया है। यही नहीं वह सप्ताह में कई दिन बिना अनुमति और सूचना दिए नगर से बाहर चले जाते हैं। अगर शहर स्वच्छ नहीं होगा तो अभियान में रैंकिंग कैसे मिलेगी।
पत्र में जिला अस्पताल के सामने रखे कांम्पेक्टर रखा है, जिसका कोई उपयोग नहीं है। ईओ से कहा गया है कि इसे संबंधित कंपनी को वापस भिजवा दिया जाए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया है। मांग रखी गई कि नगर की सफाई व्यवस्था के लिए ईओ को आदेशित किया जाए।
कूड़ा प्लांट का संचालन बंद
चेयरपर्सन ने यह भी कहा कि एक साल से कूड़ा प्लांट का संचालन बंद है, लेकिन ईओ का इस ओर ध्यान नहीं है। करीब 40 लाख रुपये इस कार्य पर खर्च किए गए थे, लेकिन अभी तक व्यवस्था सुचारू नहीं हो सकी है। शहर में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा है।