मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। पंजाब नैशनल बैंक की शाखा बुढ़ाना में किसान क्रेडिट कार्ड के पैसे जमा कराने आए किसान का थैला काटकर जेबकतरे ने एक लाख रुपये की नकदी चुरा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बैंक की फुटेज खंगालने में लगी है।
तहसील क्षेत्र के गांव मौहम्मदपुर रायसिंह निवासी किसान ब्रिजेश कुमार शर्मा का पंजाब नैशनल बैंक की शाखा बुढ़ाना से किसान क्रेडिट कार्ड बना हुआ है। शुक्रवार को किसान ब्रिजेश कुमार अपने ऋण के खाते में ढाई लाख रूपये की नकदी जमा करवाने आया था। किसान के ऋण के एक खाते में करीब 48 हजार रुपये जमा हो गए। दूसरे खाते में आधार कार्ड लगा न होने के कारण पैसे जमा नही हो सके। किसान 2,2000 रुपये की नकदी लेकर वापिस जाने लगा। बैंक परिसर में अज्ञात जेब कतरों ने उसका थैला काटकर एक लाख रुपये की नकदी चुरा ली। बैंक परिसर से बाहर आकर किसान को घटना का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज तथा बैंक के सामने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।