मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाने से निकलते समय पुलिसकर्मियों की बाइक अधिवक्ता की पत्नी की कार में टकरा गई। जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। मामला बढ़ने पर महिला और अधिवक्ताओं ने थाने में हंगामा कर दिया। इंस्पेक्टर ने कार ठीक कराने का आश्वासन देकर मामला शांत किया।
नई मंडी क्षेत्र निवासी एक वरिष्ठ अधिवक्ता की पत्नी व बेटी मंगलवार दोपहर कार से मार्केट जाने के लिए निकली थीं। जैसे ही वे माल रोड से निकलकर थाने के बगल वाली रोड पर पहुंचीं, थाने से किसी बंदी को लेकर निकलते पुलिसकर्मियों की बाइक कार से टकरा गई। हादसे में अधिवक्ता की पत्नी की कार क्षतिग्रस्त हो गई। यह देख पुलिसकर्मी तो बाइक लेकर वहां से रफूूचक्कर हो गए, लेकिन अधिवक्ता की पत्नी ने थाने में पहुंचकर हंगामा कर दिया। सूचना पर कचहरी परिसर से भी कई अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षतिग्रस्त कार ठीक कराने की मांग की। हंगामा बढ़ता देख इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने क्षतिग्रस्त कार ठीक कराने का आश्वासन देकर अधिवक्ताओं को शांत किया।