किसानों से एक मंच पर आने का आह्वान
मुजफ्फरनगर, छपार। कस्बे में भाकियू की बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए किसानों से एक मंच पर आने का आह्वान किया।
राकेश टिकैत ने बैठक में कहा कि जिस तरह देश में बड़ी कंपनियां आ रही हैं, उससे छोटा व्यापारी खत्म हो जाएगा। पराली जलाने से होने वाले कथित प्रदूषण को लेकर टिकैत ने कहा कि अब एनसीआर में दिल्ली सरकार तय करेगी कि किसान को कब, कैसे और क्या फसल बोनी है। इससे बचने के लिए आंदोलन करने होंगे। इसके लिए प्रत्येक गांव में कमेटी बनानी होगी और आंदोलन में हर गांव से दस ट्रैक्टर, 100 किसान व दस दिन भाकियू को देने होंगे, ताकि केंद्र सरकार किसानों की ताकत देख सके।
कहा कि आने वाले ग्राम पंचायत चुनाव में अविवाहित लोगों को 20 फीसदी आरक्षण मिलना चाहिए, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाकियू की सदस्यता ग्रहण की। ब्लॉक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी, विकास त्यागी, मनीष चौधरी, मुशर्रफ त्यागी, श्रवण गुप्ता, राजेश त्यागी, गौरव गुप्ता, संजय त्यागी, अर्जुन बालियान और सतेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।