छात्रों ने बैनर फाड़े , सपा की टोपियां भी फेंकीं
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बागोवाली व बझेड़ी के मदरसों से भी बड़ी संख्या में छात्रों को बुलाया गया था, जो प्रदर्शन के बीच से ही लौटकर चले गए। गुस्साए छात्रों ने पार्टी दफ्तर पर हाथ में लिए गए कागज के बैनर फाड़ने के साथ ही महावीर चौक पर सपा की टोपियां भी फेंक दी।
सीएए के विरोध में सपा द्वारा बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यालय पर किए गए धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गांव बागोवाली व बझेड़ी स्थित मदरसों से भी छात्रों को लाया गया था। विरोध-प्रदर्शन के बीच इन छात्रों ने हाथों में मोदी व शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखे कागज के बैनर व पोस्टर लहराने शुरू कर दिए। जब सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी अफसरों को ज्ञापन देने लगे, तो छात्रों को उक्त बैनर व पोस्टर हटाने के लिए कहा गया। इससे आक्रोशित छात्र प्रदर्शन के बीच से ही बैरंग लौट गए। गुस्साए छात्र प्रदर्शन स्थल से चंद कदम दूर पार्टी कार्यालय पर पहुंचे और सपा नेताओं पर गुमराह करने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि उन्हें तो एनआरसी, सीएए व मोदी-शाह का विरोध करने के लिए कौम का विरोध प्रदर्शन बताकर यहां लाया गया था। करीब ढाई घंटे तक उन्हें पार्टी कार्यालय पर बैठाकर रखा गया, जिसके बाद प्रदर्शन शुरू हुआ तो उन्हें बैनर-पोस्टर हटाने के लिए कहा जाने लगा। उन्होंने सपा नेताओं पर पार्टी को चमकाने के लिए उन्हें बरगलाने का भी आरोप लगाया। गुस्सा इस कदर था कि सपा कार्यालय से लौटते समय छात्रों ने हाथों में लिए गए बैनर वहीं फाड़कर फेंक दिए और सिर पर लगाईं गईं सपा की टोपियां भी महावीर चौक पहुंचकर सड़क पर फेंक दी गईं। इसके बाद गुस्साए छात्र वहां से लौट गए।
साहब ! तेल तो दिलवा दो
मुजफ्फरनगर। सपा के विरोध प्रदर्शन में गांव मनव्वरपुर कलां के भी ग्रामीण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से शामिल होने आए थे। विरोध प्रदर्शन के बाद जब सपा नेता गिरफ्तारियां देकर बस से चले गए, तो उक्त ग्रामीण ठगे से पार्टी कार्यालय के पास ही खड़े रह गए। उनसे वहां खड़े रहने की बाबत पूछताछ की गई तो ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें तो धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दो हजार रुपये और ट्रैक्टर का तेल देने की बात कहकर बुलाया गया था। नेताजी तो गिरफ्तारी देकर चले गए, लेकिन उन्हें न तो भुगतान किया गया और न ही ट्रैक्टर में तेल डलवाया गया। ग्रामीणों में पंकज, रानू सैनी, अशोक, संदीप, मनीष, पोपी, जयपाल, बंशीलाल, आनंद, फूल कुमार, कृष्णपाल और आशू आदि शामिल थे।
साजिद हसन को जेल भेजने का विरोध
मुजफ्फरनगर। सपा कार्यालय पर किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने सपा नेता साजिद हसन को जेल भेजने पर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष का कहना था कि एक ओर जहां भाजपा नेताओं को संगीन मामलों में भी थाने से जमानत दी जा रही है, वहीं सपा नेता साजिद हसन को फेसबुक पर टिप्पणी करने पर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस राजनीतिक भेदभाव को सहन नहीं किया जाएगा और यदि किसी भी सपा कार्यकर्ता का उत्पीड़न किया जाएगा तो जमकर विरोध किया जाएगा।