पानीपत से वाया बुढ़ाना-मेरठ निकलने वाली रेलवे लाईन को पुराने सर्व के आधार पर इसी क्षेत्र से निकलवाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। पानीपत से वाया बुढ़ाना-मेरठ निकलने वाली रेलवे लाईन के कई वर्ष पहले सर्वे हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस रेलवे लाईन को इस क्षेत्र से हटाकर पानीपत-शामली वाया सिसौली-मुजफ्फरनगर ले जाने हेतु सर्वे कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने यह आरोप केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान पर लगाया है। इसी मुद्दे को लेकर कई गांवों के ग्राम प्रधानों की पंचायत रविवार को गांव राजपुर छाजपुर के जूनियर हाईस्कूल में बुलवाई गई।
अखिल भारतीय क्षेत्रीय महासभा कुशवाहा चौबीसी के आह्वान पर आयोजित पंचायत में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सहरावत ने कहा कि यहां से निकलने वाली रेलवे लाइन से इस क्षेत्र का विकास होगा। एक दूसरी रेलवे लाईन भी पानीपत वाया शामली मुजफ्फरनगर निकाली जा सकती है।
इस लाइन के निकलने से उस लाईन में कुछ आपत्ति नहीं होगी। जिला पंचायत सदस्य रामनाथ सिंह ने कहा कि सर्व के आधार पर निकलने वाली रेलवे लाईन ग्रामीणों की मांग उचित है। इस क्षेत्र के ग्रामीणों को दूसरी लाईन निकलने में कोई आपत्ति नहीं है। एलम के नगर पंचायत अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि रेलवे लाईन पुराने सर्व के आधार पर बनवाई जानी चाहिए, यदि ऐसा नही होता तो ग्रामीण न्यायालय का दरवाजा खटखटाऐंगे।
ठाकुर मामचंद, ठाकुर सुनील, गगन सोम ने भी पुराने सर्वे के आधार पर रेलवे लाईन बनवाने का समर्थन किया। कुशवाहा चौबीसी के अध्यक्ष ठाकुर घासीराम ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता वर्षों से इसका इंतजार कर रही है, अगर यहां लाइन पुराने सर्व के आधार पर न निकाली गई तो इस क्षेत्र की जनता के साथ नाइंसाफी होगी। पंचायत में सर्वसम्मति से 30 सदस्यों की एक समिति बनाई गई। इस समिति की एक सितंबर को हरियाखेड़ा में मीटिंग होगी। उस मीटिंग में रणनीति तय करते हुए घोषणा की जाएगी।
पंचायत में एक ज्ञापन एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी को सौंपा गया। जिसमें रेलवे लाइन पुराने सर्व के आधार पर निकालने की मांग की गई है। मौके पर चौधरी करेशन, धीर सिंह, हनीफ राना, अजेश कुमार, ब्रजपाल, डॉ. सुनील, रविंद्र, देवेंद्र, राजपाल, राजेश, आदिल खां, ढूढ़ार के प्रधान रामधन, कर्ण सिंह आदि रहे।
मुझे सर्वे की कोई जानकारी नहीं है
25 साल पहले रेलवे लाइन का सर्वे हुआ था, मगर यह रेलवे लाइन आज तक नहीं बनी। इस बार रेल बजट में पानीपत से मेरठ तक रेलवे लाइन की घोषणा हुई है, बजट आवंटित नहीं हुआ है। रेलवे कहां सर्वे कर रहा है और यह लाइन कहां से होकर निकलेगी मुझे जानकारी नहीं है। रेल लाइन जहां से भी निकले, मेरे ही संसदीय क्षेत्र से होकर जाएगी। - डॉ संजीव बालियान, केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री