ग्राम पंचायत निधि से लाखों रुपये निकालने का आरोप
बुढ़ाना। बुढ़ाना ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान ने गांव के सचिव और तत्कालीन प्रशासक पर ग्रामपंचायत निधि से एक करोड़ से भी अधिक रुपये निकालने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है। ग्राम प्रधानों का आरोप है कि धनराशि का दुरुपयोग हुआ है।
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूरा होने के बाद शासन के निर्देशों के अनुसार गांव के विकास कार्यों के लिए प्रशासक नियुक्त कर दिए गए थे। ग्राम पंचायत सचिव व प्रशासक ने ग्राम पंचायत निधि से पैसे निकाल कर विकास कार्य किए। विकास खंड की ग्राम पंचायत जौला के नवनिर्वाचित ग्रामप्रधान हाजी जमशेद ने बताया कि उनके गांव की ग्राम पंचायत निधि से शपथ ग्रहण से पहले 17 दिन के अंदर करीब 93 लाख रुपये निकाले गए। आरोप है कि गांव के विकास कार्यों में धनराशि नहीं लगाई गई। गांव पंचायत टोड़ा के ग्राम प्रधान अनुज ने तीन लाख रुपये गांव की निधि से निकालने, हुसैनाबाद भनवाड़ा के ग्राम प्रधान उस्मान ने निधि से सात लाख रुपये व कल्याणपुर के ग्राम प्रधान साहिल ने निधि से करीब पांच लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। सहकारी समिति बुढ़ाना के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत ने भी धनराशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। जोला गांव के प्रधान हाजी जमशैद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत भेजी है।
ग्राम पंचायतों के गठन से पहले जिस ग्राम पंचायत निधि से 25 लाख रुपये या अधिक धनराशि आहरण की गई है। ऐसी ग्राम पंचायत निधि से पैसे आहरण करने वालों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जांच अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। बुढ़ाना ब्लॉक की छह ग्राम पंचायत की निधि से 25 लाख से अधिक धनराशि आहरण की गई है। - कपिल कुमार, खंड विकास अधिकारी, बुढ़ाना।