संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में ब्राह्मण समाज ने तहसील परिसर में एकत्र होकर यूजीसी के नियमों में किए गए बदलावों का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम निकिता शर्मा को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यूजीसी के नए नियम सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ भेदभावपूर्ण हैं और उनके हितों का शोषण करने वाले हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इन नियमों को समता की दृष्टि से लागू किया जाना न्यायसंगत नहीं है। वर्ष 2023-24 के आंकड़ों को देखे बिना यह बदलाव किए गए प्रतीत हो रहे हैं।
यूजीसी के नए प्रावधान सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विषम परिस्थितियां और षड्यंत्र रचने वाले प्रतीत हो रहे हैं। ब्राह्मण समाज के लोगों ने धरातल पर नियमों की समीक्षा करने और सामान्य वर्ग के हितों को ध्यान में रखने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो सामान्य वर्ग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस दौरान मुकेश शर्मा, नरेश गौड, प्रशांत पंडित, सत्यदेव शर्मा, बंटी शर्मा, नीरज शर्मा, रोहित भारद्वाज, प्रदीप, मनमोहन, पवन कुमार और अभिषेक गोयल एडवोकेट मौजूद रहे।