भाकियू ने एसएसपी दफ्तर का घेराव, प्रदर्शन वापस लिया
मुजफ्फरनगर। भाकियू ने पुलिस रवैये के विरोध में चार अगस्त को एसएसपी दफ्तर का घेराव करने की घोषणा को वापस ले लिया है। अब सात अगस्त को भाकियू प्रतिनिधिमंडल के साथ जिले के आला अधिकारियों के साथ वार्ता होगी, जिसमें किसानों की अनेक समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
भाकियू कार्यकर्ताओं के खिलाफ कुछ समय पहले खतौली में बिजली विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज हुआ। अब एक सप्ताह पहले छपार में टोल प्लाजा धरने पर मोदी-योगी के प्रचार वाहन को वापस भेजने और मोदी के पोस्टर फाड़ कर चालक के साथ अभद्रता करने के मामले में अज्ञात भाकियू कार्यकर्ताओं के खिलाफ छपार थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इन मामलों को लेकर भाकियू ने चार अगस्त को एसएसपी दफ्तर का घेराव कर धरना, प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। उधर, पुलिस अफसर चौधरी नरेश टिकैत के मनुहार में लगे थे। रविवार को भी पुलिस अफसर सिसौली उनसे मुलाकात करने गए, जिस पर उन्होंने सोमवार को संगठन से बात कर कोई निर्णय लेने की बात कही। सोमवार को यहां सरकुलर रोड स्थित आवास पर भाकियू चौधरी नरेश टिकैत से एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने मुलाकात की। काफी देर वार्ता के बाद अफसर चौधरी नरेश टिकैत को मनाने में सफल रहे। चौधरी नरेश टिकैत ने चार अगस्त के एसएसपी दफ्तर के घेराव, प्रदर्शन को वापस ले लिया। अब सात अगस्त को अफसरों के साथ भाकियू प्रतिनिधिमंडल की बैठक होगी, जिसमें पुलिस, प्रशासन, गन्ना मूल्य, बिजली, चकबंदी आदि मुद्दों पर वार्ता होगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, मांगेराम त्यागी, शाहिद आलम, ठाकुर कुशलवीर सिंह, विशाल बालियान आदि मौजूद रहे।
पांच सितंबर की महापंचायत में अहम निर्णय लिए जाएंगे: टिकैत
मुजफ्फरनगर। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पांच सितंबर की यहां महापंचायत अवश्य होगी, जिसमें बहुत अहम निर्णय लिए जाएंगे। पंचायत की तैयारी पूरी जोरों से चल रही है। उन्होंने कहा कि हम तो 1987 से मुकदमे झेलते आ रहे हैं। हम घबराने वाले नहीं है। किसान आंदोलन किसानों के हक के लिए किया जा रहा है।