गुर्जर समाज को अपमानित कर रही भाजपा सरकारें: भड़ाना
मोरना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्रीय गुर्जर विकास समिति द्वारा शुकतीर्थ स्थित गुर्जर धर्मशाला में वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मीरापुर विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने भाजपा सरकार पर गुर्जर समाज को अपमानित करने के आरोप लगाते हुए पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड से भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
शुकतीर्थ स्थित गुर्जर धर्मशाला में आयोजित वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मीरापुर विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि समाज का सम्मान सर्वोपरि है, जिसका योगी-मोदी ने अपमान किया है। इसके लिए उन्होंने समाज से माफी नहीं मांगी तो गुर्जर समाज उत्तराखंड व पश्चिमी यूपी में अपनी अलग पार्टी बनाकर 100 सीटों पर चुनाव लडेगा। उन्होंने समाज से किसान आंदोलन में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। बिजनौर से बसपा के सांसद मलूक नागर ने कहा कि योगी सरकार ने गुर्जर समाज का अपमान कर हमारी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं, जिसका जवाब हमें भाजपा को देना होगा। समाज को उसका हक दिलाने के लिए अलग पार्टी का गठन होना जरूरी है। सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि हमें अगर अपना उत्थान करना है तो किसान-मजदूरों के साथ ही पिछड़ों व दलितों की समस्याओं को भी हल कराने की प्राथमिकता देनी होगी।
सम्मेलन में स्वामी कृपालदास महाराज, उत्तराखंड के विशेष गृह सचिव ओमकार सिंह, डॉ सूरत सिंह वर्मा, सोनू गुर्जर, उमा नागर, अशोक कुमार, गौतम प्रमुख, जानसठ नगर पंचायत चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना आर जिला पंचायत सदस्य भीष्म सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। रामपाल सिंह, मास्टर ऋषिपाल, महताब सिंह, कलम सिंह, रामशरण, विजयपाल, बृजपाल, डॉ राजेंद्र, बबलू प्रधान और संसार सिंह डायरेक्टर आदि मौजूद रहे। संचालन सतेंद्र आर्य और अध्यक्षता कर्मवीर गुमी ने की।