टोल प्लाजा से वाहन लौटाने की रिपोर्ट दर्ज
दिल्ली-दून हाईवे पर छपार टोल प्लाजा पर चल रहे धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम वहां पहुंचे भाजपा के प्रचार वाहन को वापस भेज दिया था। इस दौरान मोदी-योगी मुर्दाबाद के नारे लगाने के साथ ही वाहन चालक को जनपद के किसी गांव में वाहन लेकर न घुसने की चेतावनी दी गई थी। इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद से भाजपा नेताओं में इसे लेकर आक्रोश था। मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी भाकियू कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग को लेकर थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था।
वहीं इस मामले में वाहन संचालक हरदोई निवासी नितिन कुमार द्वारा अज्ञात भाकियू कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांगी थी। मंगलवार देर रात थाना पुलिस ने ट्रक मालिक नितिन की ओर से अज्ञात भाकियू कार्यकर्ताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।