छपार (मुजफ्फरनगर)। कृषि कानूनों के विरोध में जनपद के छपार और रोहाना टोल प्लाजा पर चल रहा भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना लगातार 47वें दिन भी जारी रहा। धरने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना भुगतान और मिल द्वारा किए जा रहे गन्ना सर्वे का विरोध किया।
दिल्ली-दून हाईवे पर छपार स्थित टोल प्लाजा पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर भाकियू के ब्लॉक मीडिया प्रभारी फरमान ने कहा कि गन्ना मिल किसानों का शोषण कर रहे हैं। गन्ने का सर्वे केवल पौधे का किया जा रहा है, पेड़ी का नहीं। इससे आगामी फसल में किसान का बेसिक कोटा घट जाएगा, जिससे किसानों को मजबूरन गन्ना कोल्हुओं पर डालना पड़ेगा, जिससे उसे आर्थिक नुकसान होगा। वहीं, चीनी मिलों द्वारा किसानों का गन्ने का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों के समक्ष आर्थिक परेशानियां उत्पन्न हो रहीं हैं।
मौके पर धरने पर मुशर्रफ त्यागी, तोसीन, बबलू त्यागी, ओमपाल, काका, मनोज त्यागी, सोनू , नदीम व मुकुल शर्मा आदि भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, सहारनपुर स्टेट हाईवे स्थित रोहाना टोल प्लाजा पर भी भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना लगातार 47वें दिन भी जारी रहा। ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर कुशलपाल सिंह के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता रविवार को भी धरनास्थल पर डटे रहे।