मुजफ्फरनगर। शहर में कांवड़ मार्ग पर गलियों से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है। रुड़की रोड पर चार जगह बल्लियां लगाकर कट बंद कर दिए गए। कट बंद होते ही लोगों को चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। राहगीर बल्लियों के नीचे से निकलने को मजबूर हैं। लोग कांवड़ मार्ग पर जाने से बचने के लिए
शुक्रवार को पुलिस ने रुड़की रोड पर आनंद मार्केट, ग्रीन एप्पल होटल, नावल्टी चौराहे के साथ ही जिला अस्पताल से लद्धावाला जाने वाले मार्ग को बल्लियां लगाकर बंद कर दिया। जिस कारण इस मार्ग से होकर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैरिकेडिंग हो जाने से अब लोगों को शहर की विभिन्न कॉलोनियों के संपर्क मार्गाें से होकर गुजरना पड़ा। लोग दुपहिया वाहनों पर इधर-उधर घूमते रहे। शुक्रवार दोपहर के समय नगर में मालवीय चौक व टाउन हाल रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। जिस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व पैदल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में यातायात पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
नगर केे जिला अस्पताल व शिव चौक मार्ग पर कांवड़ियों का आवागमन हो रहा है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़िये कच्ची सड़क मार्ग से होकर जिला अस्पताल चौराहे से शिव चौक की तरफ जा रहे है। कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो इसलिए अस्पताल चौराहे पर पुलिस की डयूटी भी लगाई है। नगर निवासी कांवड़ मार्ग पर जाने से बचने के लिए लोग टाउन हाल रोड, कोर्ट रोड मार्ग पहुंचकर अपने कार्य निपटा रहे है। बाद में टाउन हाल व मालवीय चौक से लौटते हैं। इस कारण इनके वाहनों के कारण जाम लग गया। मालवीय चौक पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी। एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे ने कहा कि नगर में कांवड़ यात्रा चल रही है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वह शिव चौक की तरफ वाले बाजार में वाहनों की बजाय पैदल जाने की अपील की है।
यहां से जा रहे लोग-
- जिला अस्पताल चौराहे से लद्धावाला व अन्य कॉलोनियों में जाने वाले लोगों को घूम कर जाना पड़ रहा है। लद्धावाला से जिला अस्पताल की तरफ आने वाले वाहन चालकों को जिला अस्पताल के बराबर मार्ग वाले रास्ते से होकर जिला अस्पताल चौराहे पर आना पड़ रहा है।
- सिविल लाइन थाने की तरफ से आकर नावल्टी चौराहे से होकर बकरा मार्केट की तरफ जाने वाले वाहन चालक मीनाक्षी चौक से होकर आबकारी मोहल्ले व अन्य कॉलोनियों में पहुंच रहे है। जबकि पैदल राहगीर कट बंद करने के लिए लगाई बल्लियों के नीचे से होकर नावल्टी चौराहा पार कर रहे है।
बेरिकेडिंग पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई
मुजफ्फरनगर। कांवड़ मार्ग पर पुलिस ने कांवडियों की सुविधा के लिए की गई बैरिकेडिंग पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई है, ताकि कांवड़ियों को रात में दूर से ही बैरिकेडिंग के बारे में पता चल जाए। पेट्रोल पंप आदि स्थानों पर डायवर्जन प्लान के संकेत बोर्ड भी लगाए गए।