बाबा राजेंद्र सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी
मुजफ्फरनगर। हिंद मजदूर किसान समिति के साथ मिल कर किसान महापंचायत करने वाले गठवाला खाप के बाबा चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वो कई दिनों से अपने क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों से पंचायत में पहुंचने का आह्वान कर रहे है। उनका कहना है कि उन्होंने खापों के चौधरी और थांबेदारों को भी महापंचायत में आने का निमंत्रण दिया है। अब देखना यह है कि महापंचायत में कितने खाप के चौधरी और थांबेदार पहुंचेंगे।
सिसौली में बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के साथ हुए दुर्व्यवहार के प्रकरण लेकर गठवाला खाप के बाबा चौधरी राजेंद्र सिंह और बालियान खाप चौधरी व भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत में हुआ मनमुटाव जगजाहिर हो चुका है। गठवाला खाप के कई थांबेदारों ने दोनों को एक बैठक में बुलवाया भी था, इसके बावजूद वो पांच सितंबर की महापंचायत में वो शामिल नहीं हुए थे। बाबा राजेंद्र सिंह ने कहा था कि मैं पंचायत में नहीं जाऊंगा, खाप के लोग स्वतंत्र है। पांच सितंबर की महापंचायत के बाद ही चौधरी राजेंद्र सिंह ने किसान महापंचायत का एलान कर दिया। उनका कहना है कि किसान महापंचायत में किसानों की समस्याएं उठाई जाएगी, इसलिए उन्होंने अधिकांश खापों के चौधरी और थांबेदारों को निमंत्रण दिया है, सबके आने की उम्मीद है। उन्होंने बालियान खाप के मुखिया चौधरी नरेश टिकैत को निमंत्रण नहीं दिया। हालांकि चौधरी नरेश टिकैत कह चुके है कि पंचायत करने का सबको अधिकार है। किसानों की समस्याओं को लेकर पंचायत की जा रही है, इसलिए हम कोई विरोध नहीं करेंगे। अब देखना है कि रविवार को होने वाली किसान महापंचायत में बाबा राजेंद्र सिंह के निमंत्रण पर कितने खाप के चौधरी और थांबेदार आते है।
जीआईसी के मैदान में ही ट्रैक्टर खड़े होंगे
- सरकुलर रोड से आएंगे किसानों के वाहन
मुजफ्फरनगर। रविवार को जीआईसी में होने वाली किसान महापंचायत को लेकर प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाई है। सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने बताया कि मेरठ रोड, शामली रोड, बुढ़ाना रोड से आने वाले ट्रैक्टर और वाहनों को वहलना चौक से शहर में प्रवेश करा कर सुरकुलर रोड से होकर जीआईसी के मैदान में खड़ा कराया जाएगा। इसी प्रकार जानसठ, भोपा, रुड़की और सहारनपुर की ओर से आने वाले किसानों के वाहन जानसठ रोड और रेलवे ओवरब्रिज से होकर जीआईसी के मैदान में पहुंचेंगे।
रोडवेज बसें भोपा रोड से आएंगे
महावीर चौक पर ई रिक्शा नहीं चलेगी
मुजफ्फरनगर। सीओ सिटी ने बताया कि सभी रोडवेज बसें बाईपास से होते हुए भोपा रोड से आकर शहर में प्रवेश करेंगी। इसके बाद रेलवे रोड होकर बस स्टैंड पर पहुंची। जाने का भी ये ही मार्ग रहेगा। महावीर चौक पर ई- रिक्शा भी नहीं चलेगी।
मैदान में पानी भरा
मुजफ्फरनगर। मौसम किसान महापंचायत में परेशानी कर सकता है। शनिवार देर शाम को भी बरसात होने से जीआईसी के मैदान में पानी भरने से दलदल बन गई।