चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान और परिजनों पर हमला
मुजफ्फरनगर, भौराकलां। गांव भौराखुर्द के प्रधान व उसके परिजनों पर कुछ लोगों ने चुनावी रंजिश के चलते घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में प्रधान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव भौराखुर्द के ग्राम प्रधान हेमंत बालियान ने तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार रात ताई प्रवेश देवी व तयेरे भाई प्रशांत के साथ अपने घर में बैठे थे। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने चुनावी रंजिश के चलते घर में घुसकर तीनों पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने ग्राम प्रधान पर फायरिंग भी की। आरोप है कि शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर प्रशांत के गले से सोने की चेन और ग्राम प्रधान की जेब से सात हजार की नकदी भी लूटकर धमकी देते हुए फरार हो गए। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को ले जाकर जिला अस्पताल में उपचार कराया, जहां प्रशांत की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि आरोपियों ने 13 मई को भी उसके तयेरे भाई प्रशांत बालियान पर हमला कर प्रधान को देख लेने की धमकी दी थी। आरोपियों से उसे जान-मान का खतरा उत्पन्न हो गया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।