तितावी। क्षेत्र के खेड़ी दूधाधारी गांव में अमरूद के बाग की रखवाली कर रहे एक युवक के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही आधा दर्जन से अधिक युवकों पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव खेड़ी दूधाधारी निवासी राजू कश्यप ने बताया कि उन्होंने किसान बबलू सिंह का अमरूद का बाग ठेके पर लिया है। रविवार को उनका पुत्र वंश बाग की रखवाली कर रहा था। आरोप है कि सुबह करीब 11:30 बजे गांव के शनि फौजी और भूरा उर्फ अरविंद बाग में अमरूद तोड़ने पहुंचे। वंश ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान थार गाड़ी में सवार होकर सोनू, अन्नू और अंकुश भी वहां पहुंचे। उन्होंने भी लाठी-डंडों और हॉकी से वंश के साथ मारपीट की।
घटना के दौरान वंश के ताऊ के बेटे रवि ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।