चरथावल। दधेडू कलां में नाग-नागिन के जोड़े को मारने से मना करने पर कुछ लोगों ने एक युवक के घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में महिला समेत चार घायल हो गए। पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव दधेडू कलां निवासी नौशाद ने बताया कि उसके मकान के सामने नाग नागिन का जोड़ा जा रहा था। उसी समय गांव के बादशाह और उसके पुत्र लाठी डंडे लेकर सांप को मारने आ गए। नौशाद के परिजनों ने उन्हें मारने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। तब तो मामला शांत हो गया। थोड़ी देर बाद पांच आरोपी लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर नौशाद के मकान में घुस गए। आरोप है कि उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। जिसमें गुफरान की पत्नी रूखसाना ने बीच बचाव की कोशिश की। हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। जिसमें रूखसाना के अलावा गुफरान, रिहान और जुनैद घायल हो गए। नौशाद ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।