खतौली। भाकियू जिलाध्यक्ष ने शासन और प्रशासन से मृतक छात्र आशु के पीड़ित परिजनों को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा यदि पुलिस ने जाम लगाने वालों पर दर्ज किए मुकदमे को वापस नहीं लिया तो 17 फरवरी के बाद थाने के सामने सर्वसमाज की महापंचायत होगी। ।
भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं के साथ मोहल्ला शिवपुरी में मृतक छात्र आशु के पीड़ित परिजनों से मिले। भाकियू नेता ने छात्र की हत्या पर दुख जताया और परिजनों से अब तक की पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि भाकियू इंसाफ दिलाने के लिए उनके साथ है। भाकियू नेता ने नायब तहसीलदार देवेंद्र शर्मा को पीड़ित के घर पर बुलवाया। उन्होंने नायब तहसीलदार से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की जानकारी ली। इसके बाद भाकियू जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का मुआवजा तुरंत दिलाने तथा मृतक छात्र के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा पुलिस ने यदि जाम लगाने में पांचों छात्रों के नाम वापस नहीं लिए तो आगामी 17 फरवरी के बाद थाने के सामने सर्वसमाज के लोगों की एक महापंचायत होगी। जिसमें पुलिस प्रशासन से आरपार की लड़ाई लड़ने की घोषणा की जाएगी। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम, तहसील अध्यक्ष राजबीर गुर्जर, नगराध्यक्ष मनोज सहरावत, आशु, अमित राजपूत मौजूद रहे।