मुजफ्फरनगर। सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा। परीक्षाफल में अंक सुधार का अवसर देने के लिए बोर्ड की ओर से मई में दूसरी बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए छात्र विद्यालय के माध्यम से आवेदन करेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए जरूरी प्रक्रिया एलओसी यानी लिस्ट ऑफ कैंडिडेट जमा करने का काम शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार से आवेदन विंडो एक्टिव कर दी गई है। प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने बताया कि दूसरी परीक्षा मई में होगी। इसमें कंपार्टमेंट श्रेणी, अनुपस्थित छात्र और अंक सुधार के लिए छात्र भाग ले सकते हैं। अधिकतम 3 विषयों में ही परीक्षा देकर प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं। विद्यालयों को परीक्षा संगम पोर्टल पर डेटा अपलोड करना होगा। प्राइवेट उम्मीदवारों को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।