ब्लॉक कार्यालयों में कमीशनखोरी सहन नहीं : भाकियू
छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाईवे पर कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना लगातार 19वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने ब्लॉक कार्यालयों में हो रही कमीशनखोरी पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में कमीशनखोरी को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के बेटे चरणसिंह टिकैत ने धरनास्थल पहुंचकर कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई की।
छपार टोल प्लाजा पर लगातार 19वें दिन जारी धरने पर रविवार को ब्लॉक कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नाराजगी जताई गई। ब्लॉक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि ब्लाक की ओर से वाटर कूलर, ई-रिक्शा, कीटनाशक व बीज आदि जो भी सामान खरीदकर गांवों में भेजा जाता है, उनमें भ्रष्टाचार की हद पार कर दी गई है। सभी ब्लॉक अधिकारी इनमें मोटी कमीशन लेते हैं, जिसकी उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए। किसानों के लिए शासन से जो भी बीज आते हैं, उनकी भी किसानों को जानकारी न देकर उन्हें मार्केट में बेच दिया जाता है। इसके अलावा, सरकार जो भी बीज व कीटनाशक दवाइयां भेजती है, उनके बारे में भी किसानों को पूरी तरह अंजान रखा जाता है और उसे खुले मार्केट में बेचकर उस पैसे की बंदरबांट कर ली जाती है। ग्राम प्रधान की पिछली योजना में तो 42 हजार रुपये कीमत के वाटर कूलर को कागजों में करीब दो लाख का दर्शाकर सरकारी धन का भी गबन किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष ने सक्षम अधिकारियों से इस मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यदि प्रशासन ऐसे अफसरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं करता तो भाकियू इनके खिलाफ आंदोलन करेगी। वहीं, रविवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता भाकियू राकेश टिकैत के बेटे चरणसिंह टिकैत ने भी धरनास्थल पहुंचकर कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई की। इस मौके पर प्रधान सुरेश चंद, लवी त्यागी, मदन सिंह, राहुल, ईशाक अहमद, मोनू, सुरेंद्र सिंह, सलमान, दीपक व मोनू गुर्जर आदि मौजूद रहे।