गन्ना केंद्र बदले जाने पर दधेडू खुर्द की मीटिंग में नाराज किसानों को समझाते अधिकारी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गन्ना क्रय केंद्र बदले जाने पर किसानों में आक्रोश
मुजफ्फरनगर, चरथावल/रोहाना। रोहाना गन्ना समिति के चार केंद्रों के बदलाव को लेकर चरथावल और दधेडू के किसानों में गुस्सा है। मंगलवार को दधेडू बैठक में किसानों ने गन्ना विभाग के अफसरों से आवंटित केंद्र खाईखेड़ी के बजाए तितावी कराने की मांग की है। किसानों ने अफसरों को दो टूक कहा कि वह तितावी मिल को ही आपूर्ति करेंगे।
गन्ना आयुक्त द्वारा घोषित नए रिजर्वेशन में दधेडू, लुहारी और चरथावल में संचालित तितावी के क्रय केंद्रों को खाईखेड़ी मिल को आवंटित कर दिया है। जिससे किसान भड़क गए। चरथावल एवं दधेडू के किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी से गन्ना सप्लाई पहले से संचालित तितावी केंद्र पर ही करने की मांग रखी। नाराज किसानों का पक्ष जानने के लिए डीसीओ ने ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी विनोद कुमार, समिति सचिव शशि प्रकाश सिंह, खाईखेड़ी गन्ना प्रबंधक संजीव कुमार एवं तितावी गन्ना प्रबंधक धर्मवीर सिंह को दधेडू मीटिंग में भेजा। उन्होंने किसानों को समझाया कि आरक्षण में बदलाव शासन स्तर से होता है। इस पर किसान भड़क गए। किसानों ने दो टूक कहा कि वह पहले की तरह तितावी मिल के केंद्र पर आपूर्ति करेंगे। इस संबंध में कई दर्जन किसानों ने हस्ताक्षरयुक्त प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को सौंपा और खाईखेड़ी मिल पर आपूर्ति नहीं करने की बात कही है। सचिव एसपी सिंह ने बताया कि किसानों की दिक्कतों को सुना और उनका प्रस्ताव पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है। ग्राम प्रधान हुसैन, शाहिद, आकिल, जियाउल, फारूख, मूसा, तमरेज, ईशा, कामिल, गुलशनव्वर आदि मौजूद रहें।